बनबसा के राजकीय महाविद्यालय ने सूचना का अधिकार सप्ताह के अवसर पर जन जागरुकता रैली का आयोजन कर लोकतंत्र में पारदर्शिता का दिया संदेश।
बनबसा (चम्पावत)। बनबसा के राजकीय महाविद्यालय ने सूचना का अधिकार सप्ताह के अवसर पर शुक्रवार को एक जन जागरुकता रैली का आयोजन कर लोकतंत्र में पारदर्शिता का संदेश दिया। महाविद्यालय के छात्रों ने अपने शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ मिलकर इस रैली को एक सफल बनाया।जिसका उद्देश्य आम जनता को सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के महत्व से परिचित कराना था। यह रैली समाज के हर वर्ग को यह बताने के लिए निकाली गई कि RTI कानून किस प्रकार प्रशासनिक जवाबदेही और भ्रष्टाचार उन्मूलन का सबसे बड़ा हथियार है।
रैली में शामिल विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ तख्तियां उठाई और नारे लगाए। इन नारों ने स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सोचने को मजबूर किया। छात्रों ने न केवल नारे लगाए, बल्कि लोगों को RTI दाखिल करने की प्रक्रिया और इसके लाभों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में, प्रभारी प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार ने छात्रों के प्रयास की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में RTI अधिनियम को लोकतंत्र की मजबूत बुनियाद बताते हुए कहा कि “यह कानून नागरिकों को सशक्त करता है और सरकारी संस्थाओं को जनता के प्रति जवाबदेह बनाता है। RTI केवल जानकारी मांगने का अधिकार नहीं है, बल्कि एक जागरुक और जिम्मेदार समाज की स्थापना का माध्यम है।”
महाविद्यालय परिवार के इस जागरूकता अभियान में आस-पास के समाज ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया। महाविद्यालय ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह अपने विद्यार्थियों को भविष्य के जागरुक और सशक्त नागरिक बनाने की दिशा में प्रतिबद्ध है।