सीमा के रक्षकों को बहनों का प्रेम, राखी के साथ देशभक्ति का संदेश, स्थानीय महिलाओं ने एसएसबी जवानो की कलाई मे बांधी राखियाँ।

खबर शेयर करें -

सीमा के रक्षकों को बहनों का प्रेम, राखी के साथ देशभक्ति का संदेश, स्थानीय महिलाओं ने एसएसबी जवानो की कलाई मे बांधी राखियाँ।

बनबसा (चम्पावत)। मनोहर लाल, कमांडेंट, 57 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के मार्गदर्शन में स्वयं सहायता समूह एवं खंड कार्यालय सितारगंज की महिला कर्मियों ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें न केवल लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की शुभकामनाएँ दीं, बल्कि उनके साहस, समर्पण और राष्ट्र-सेवा के प्रति अपना गहरा सम्मान भी व्यक्त किया। रक्षाबंधन का पावन पर्व न केवल भाई-बहन के रिश्ते का उत्सव है, बल्कि यह विश्वास, सुरक्षा और त्याग की भावनाओं का प्रतीक भी है। इसी भावना को साकार करते हुए 57 बटालियन सशस्त्र सीमा बल, सितारगंज के परिसर में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन बहनों ने कहा कि जब देश की सीमाएँ सुरक्षित हैं, तभी घर-आँगन में शांति और खुशहाली है, और इसके लिए वे सदैव इन वीर सपूतों की आभारी रहेंगी। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल (सितारगंज) के प्रधानाचार्य ने भी हिस्सा लिया तथा विद्यार्थियों द्वारा अपने हाथों से निर्मित रंग-बिरंगी राखियाँ अधिकारियों और जवानों को भेंट की गईं। यह नन्हें हाथों का सलाम था उन सिपाहियों को, जो निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र की रक्षा करते हैं। महिलाओं ने राखी बांधते समय भावुक होकर कहा कि भले ही ये सैनिक उनके जन्म से भाई न हों, लेकिन देश की रक्षा में इनका योगदान उन्हें हर भारतीय बहन का सच्चा भाई बनाता है। उनकी यह पहल न केवल रक्षाबंधन के रिश्ते को जीवंत करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि देशभक्ति केवल सीमा पर तैनात जवानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक के दिल में बसी एक भावना है। इस अवसर पर 57वीं वाहिनी के उप-कमान्डेंट श्री दीपक सिंह जायड़ा ,श्री अनिल कुमार उप-कमान्डेंट, निरीक्षक मुन्नी बाई सहित सभी अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

57 बटालियन सशस्त्र सीमा बल, द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा रैली का किया गया आयोजन।

टनकपुर (चम्पावत)। मनोहर लाल, कमांडेंट, 57 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के मार्गदर्शन आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत चल रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, सितारगंज द्वारा एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली सीमा चौकी बूम द्वारा ग्राम उचोलीगोठ में आयोजित की गई, जिसका नेतृत्व निरीक्षक अमरेश कुमार ने किया। रैली ग्राम उचोलीगोठ से आरंभ होकर राफ्टिंग पॉइंट तक उत्साहपूर्वक निकाली गई, जिसमें सशस्त्र सीमा बल के जांबाज़ जवानों के साथ-साथ ग्रामवासी बुज़ुर्ग, युवा और बच्चे सभी देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर शामिल हुए। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर घर तिरंगा, हर दिल में तिरंगा” जैसे नारे गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो उठा। यह आयोजन न केवल एक जनजागरूकता अभियान था, बल्कि देश के प्रति सेवा भाव, एकता, अखंडता और सम्मान को प्रकट करने का सशक्त माध्यम भी बना। “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य हर नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक गहराई देना है, ताकि प्रत्येक घर तिरंगे से सजे और हर दिल में देशभक्ति की लौ प्रज्वलित हो। कार्यक्रम में SSB जवानों के साथ ग्रामीणों की सहभागिता अत्यंत सराहनीय रही। प्रमुख रूप से हीरा लाल, सहायक उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी भूपेंद्र सिंह, विजय सिंह सीमा चौकी बूम के समस्त कर्मी तथा ग्राम उचोलिगोठ के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने देश के प्रति अपनी निष्ठा, प्रेम और कर्तव्यपरायणता को इस आयोजन के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इस प्रकार के आयोजन से यह स्पष्ट होता है कि न केवल सुरक्षा बल ही नहीं बल्कि देश का प्रत्येक नागरिक भी राष्ट्र की सेवा और सम्मान में समर्पित है।

Breaking News

You cannot copy content of this page