सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रो का किया दौरा, बाढ़ सुरक्षा और आपदा राहत के अधिकारियो को दिए सख्त निर्देश।
बनबसा (चम्पावत)। सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रो का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य मे तेजी लाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा आपदा के दौरान किसी की भी लापरवाही को कतई बख्शा नहीं जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूबे के मुखिया धामी खटीमा मे राज्य आंदोलन के दौरान हुए गोलीकांड मे शहादत देने वाले शहीदों की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम मे प्रतिभाग करने पहुंचे थे। अपने विधानसभा क्षेत्र के बनबसा मे बाढ़ की जानकारी मिलने पर सीएम धामी अपने आप को रोक नहीं पाए, और उन्होंने बनबसा के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यो मे तेजी लाने की विभागीय अधिकारियो को सख्त हिदायत दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा के आनंदपुर व देवीपुरा क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण व बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया तथा ग्रामीणों को ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को सिंचाई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर हुड्डी नदी के चैनलाइजेशन हेतु तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने देवीपुरा क्षेत्र में पहुँचकर बाढ़ प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राउंड जीरो पर जाकर आपदा प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और अधिकारियों को पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। देवीपुरा क्षेत्र में सेना, NDRF, SDRF, राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राउंड जीरो पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रित रखी जाए तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री धामी ने NHAI को भी तत्काल प्रभाव से जल निकासी हेतु ठोस प्रबंध करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा, उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि (टनकपुर) आकाश जोशी, प्रभागीय वनाधिकारी पूर्वी तराई हिमांशु बागरी, कर्नल आकाश (26 राजपूत) अपनी टीम सहित, सेना के 25 जवान व 2 जेसीओ, NDRF एवं SDRF के 20-20 जवान, सिंचाई विभाग के एसडीओ आर.के. यादव सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।











