बनबसा के मिनी स्टेडियम में रंगोत्सव 2025 का हुआ भव्य आयोजन, पारंपरिक कुमाऊनी खड़ी होली, झोड़ा, छलिया नृत्य और ब्रज की फूलों वाली होली का हुआ अद्भुत समागम।

खबर शेयर करें -

बनबसा के मिनी स्टेडियम में रंगोत्सव 2025 का हुआ भव्य आयोजन, पारंपरिक कुमाऊनी खड़ी होली, झोड़ा, छलिया नृत्य और ब्रज की फूलों वाली होली का हुआ अद्भुत समागम।

बनबसा (चम्पावत)। मिनी स्टेडियम बनबसा में रंगोत्सव 2025 का भव्य आयोजन हुआ। पारंपरिक कुमाऊनी खड़ी होली, झोड़ा, छलिया नृत्य और ब्रज की फूलों वाली होली का अद्भुत समागम देखने को मिला। कार्यक्रम में सुई होली समिति, भिंगराडा होली समिति एवं मां पूर्णागिरि सांस्कृतिक उत्थान समिति, गुदमी ने शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम में 80 वर्ष तक के बुजुर्ग झूमते नजर आए, जिन्होंने इस सांस्कृतिक आयोजन का भरपूर आनंद लिया। महिला ढोल वादिका उमा गुरुंग ने अपने विशेष अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया और ढोल वादन की अनूठी प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम की एक खास बात रही प्राइमरी स्कूल चंदनी स्कूल के नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत छलिया नृत्य, झोड़ा और कुमाऊनी खड़ी होली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की उमंग और जोश ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में लगभग 1000 लोगों ने 2.5 कुंतल फूलों से होली खेली, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और रंगों से सराबोर हो गया। ब्रज की फूलों वाली होली के इस अद्भुत आयोजन ने सभी को एक अविस्मरणीय अनुभव दिया। स्थानीय जनता ने इस भव्य आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उपस्थित रामलीला कमेटी गुदमी के अध्यक्ष सुरेश उप्रेती ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति को संजोने और आगे बढ़ाने के लिए आयोजन समिति का विशेष धन्यवाद किया।

इस अवसर पर ललित वर्मा, रुचि धस्माना, नवीन जोशी, जगदीश कलौनी, इंद्र सिंह बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की और इसे उत्तराखंड की संस्कृति को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। रंगोत्सव समिति ने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Breaking News

You cannot copy content of this page