पारम्परिक धरोहर संजोते महिला समूहों के उत्पादों की मांग हो रही है देश-विदेशो में, घूंघट से निकलकर आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रहीं महिलाएँ- गीता धामी।

बनबसा (चम्पावत )। सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी गीता धामी ने एनएचपीसी सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सीएलएफ (Cluster Level Federation) की महिलाओं से आत्मीय मुलाकात कर उनकी आजीविका, नेतृत्व कौशल और समूह सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के अंतर्गत उन्नति महिला संकुल संघ, बनबसा में एक दिवसीय जेंडर संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें 26 ग्राम संगठनों से जुड़े 126 स्वयं सहायता समूहों की 1200 से अधिक महिलाएँ ग्रामोत्थान परियोजना एवं एनआरएलएम चम्पावत के साथ सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
गीता धामी ने सरिता देवी (नमकीन बनाने), शांति देवी (डेयरी उत्पाद), पूजा (ब्यूटी पार्लर), कंचन (बैंक सखी) समेत कई महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभवों और उपलब्धियों को सुना, जहाँ महिलाओं ने बताया कि समूहों ने उन्हें आर्थिक स्थिरता, आत्मविश्वास और सामाजिक पहचान दी है।
महिलाओं को संबोधित करते हुए गीता धामी ने कहा सीएलएफ की महिलाएँ केवल समूह की सदस्य नहीं बल्कि परिवर्तन की वाहक हैं। उन्होंने कहा “समूह से शक्ति मिलती है और यही शक्ति समाज को नई दिशा देती है; आज महिलाएँ घूंघट से निकलकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं और पारम्परिक धरोहर को संजोते हुए अपने उत्पादों को देश-विदेश तक पहुँचा रही हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की यात्रा में महिलाओं की भूमिका निर्णायक रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आज तेज़ी से पुरुष-प्रधान व्यवस्था से महिला-प्रधान विकास की ओर बढ़ रहा है, और इस परिवर्तन की धुरी स्वयं महिलाएँ बन रही हैं।
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ ने महिलाओं में नई ऊर्जा, प्रेरणा और आत्मविश्वास भरा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन चम्पावत के सभी मंडलों में महिलाओं के लिए निरंतर और समर्पित भाव से कार्य करता रहेगा। फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, कौशल-विकास कार्यक्रमों का संचालन, नशामुक्ति अभियानों को प्रोत्साहन तथा जनसेवा से जुड़ी सभी पहलें आगे और अधिक विस्तार एवं प्रभाव के साथ जारी रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित सभी महिलाओं को सम्मानस्वरूप उपहार भी भेंट किए।
इस दौरान दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, हेमा जोशी, रेखा देवी, ऋतू रंजन आर्या, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, एपीडी विम्मी जोशी, मास्टर ट्रेनर नीलू चन्द, कार्यक्रम संचालक राधा चन्द सहित विभिन्न समूहों की महिलाएं उपस्थित रही।
………………………………………………………………………………………..

हमारी संस्कृति वरिष्ठजनों और महिलाओं से जीवित और संरक्षित है, सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा बमनपुरी में वरिष्ठजनों, ग्रामीणों एवं कुष्ठ आश्रम निवासियों से आत्मीय संवाद।
बनबसा। सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी गीता धामी ने आज बमनपुरी पहुँचकर वरिष्ठजनों, ग्रामीणों एवं कुष्ठ आश्रम में निवासरत रोगियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम के दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने फाउंडेशन ट्रस्टी गीता धामी का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान वैशाली राणा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि महिला मंगल दल की सदस्य राखी ने गाँव में कच्ची शराब बंद कराने, बाढ़ सुरक्षा हेतु बंदा निर्माण तथा सड़क निर्माण के लिए धन्यवाद प्रकट किया।
गीता धामी ने सबसे पहले बमनपुरी के वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों से भेंटकर उनके स्वास्थ्य, आजीविका, मूलभूत सुविधाओं तथा स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसके ग्रामीण ताने-बाने, बुजुर्गों के सम्मान और उनकी समुचित देखभाल में निहित होती है।
उन्होंने कहा कि “हमारी संस्कृति वृद्धजनों और महिलाओं के सम्मान से ही संरक्षित रहती है,” तथा उपस्थित सभी लोगों से नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय प्रयास करने की अपील की। इसके उपरांत श्रीमती धामी ने कुष्ठ आश्रम बमनपुरी का भ्रमण कर वहाँ रह रहे देव राम (85), शंकर लाल (70), पार्वती देवी (61) सहित अन्य से भेंट की और उनकी स्वास्थ्य स्थिति, देखभाल, दैनिक आवश्यकताओं तथा आश्रम की जरूरतों की जानकारी ली।आश्रम प्रबंधक बेंसन चौहान से वार्ता करते हुए उन्होंने आश्रम की छत की मरम्मत करवाने तथा रोगियों की नियमित चिकित्सकीय जाँच हेतु वाहन उपलब्ध कराने हेतु सम्बन्धित को दिशानिर्देश दिए। इस अवसर पर श्रीमती धामी ने आश्रम के निवासियों को फल एवं आवश्यक सामग्री भी भेंट की। इस दौरान दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, एपीडी विम्मी जोशी, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

