हमला – टनकपुर के ग्राम पंचायत आमबाग में गौशाला के नजदीक जंगली सुअर के हमले से महिला घायल, उपजिला अस्पताल में उपचार जारी।
टनकपुर (चम्पावत)। जंगल से सटे आमबाग गांव में पशुओं को चारा देने गौशाला गई एक महिला पर अचानक जंगली सुअर ने हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने घायल महिला को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया । जहां महिला का उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर बाद आमबाग गांव निवासी 55 वर्षीय विशना देवी पत्नी देवचंद गौशाला में पशुओं को चारा देने गई थी, जहां पर छिपे जंगली सुअर ने अचानक महिला पर हमला बोल दिया, महिला द्वारा शोर शराबा करने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, उन्होंने सुअर को जैसे तैसे जंगल की ओर खदेड़ महिला को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती किया, जहां महिला का उपचार जारी है। सूचना पर शारदा रेंज के वन दरोगा मुकेश तड़ागी, वन बीट अधिकारी मुल्की राज और पूजा चौहान घायल महिला का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे। डॉ नौनिहाल सिंह ने बताया कि जंगली सुअर ने महिला के दोनों हाथों और शरीर पर हमला किया है, जिसका उपचार किया जा रहा है। महिला की हालत खतरे से बाहर है। दिन दहाड़े गांव में जंगली सुअर की दस्तक से भय का माहौल पनपने लगा है।

