हमारी भी सुनो – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले चंपावत के पत्रकार, प्रेस क्लब भवन निर्माण की उठाई मांग, मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन, हालांकि टनकपुर प्रेस क्लब का मामला अभी भी अधर में।

खबर शेयर करें -

हमारी भी सुनो – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले चंपावत के पत्रकार, प्रेस क्लब भवन निर्माण की उठाई मांग, मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन, हालांकि टनकपुर प्रेस क्लब का मामला अभी भी अधर में।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चंपावत दौरे के दौरान जिला मुख्यालय के पत्रकारों ने उनसे मुलाकात कर लंबे समय से लंबित प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद आज तक चंपावत में पत्रकारों के लिए समुचित प्रेस क्लब भवन उपलब्ध नहीं हो सका है, जिससे विभिन्न पत्रकारिता संबंधी गतिविधियों के संचालन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज बस स्टेशन परिसर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान हुई इस मुलाकात में पत्रकारों ने बताया कि जिला सूचना कार्यालय परिसर के ब्लॉक रोड स्थित भवन की दूसरी मंजिल पर प्रेस क्लब विकसित करने की योजना वर्षों पहले बनाई गई थी, लेकिन आज तक यह योजना फाइलों से बाहर नहीं निकल सकी।

जिला पत्रकार संगठन के महामंत्री गिरीश सिंह बिष्ट ने मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब भवन की सुविधा उपलब्ध है, जबकि चंपावत जैसे जिला मुख्यालय में अब तक यह मूलभूत व्यवस्था भी नहीं बन पाई है। उन्होंने कहा कि भवन के अभाव में प्रेस वार्ताएं, बैठकें, संवाद कार्यक्रम एवं अन्य पत्रकारिता गतिविधियों के आयोजन में लगातार दिक्कतें आती हैं।

पत्रकारों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक रुख अपनाया और जिलाधिकारी मनीष कुमार को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पत्रकारों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से लंबित यह मांग अब जल्द धरातल पर उतर सकती है।

इधर, टनकपुर प्रेस क्लब भवन का मामला भी अभी तक अधर में लटका हुआ है। लंबे समय से पत्रकार भवन की मांग उठाते आ रहे हैं, जिसके लिए भूमि का चयन भी हो गया हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। ऐसे में पत्रकारों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद चंपावत के साथ-साथ टनकपुर में भी प्रेस क्लब भवन निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार गणेश पांडे, विनोद चतुर्वेदी, पंकज पाठक, बृजेश पांडे, ललित मोहन जोशी, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, हरीश पांडे, सूरी पंत, नंदू पांडे सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page