टनकपुर पावर स्टेशन ने लगातार दूसरे दिन बनाया नया इतिहास, फिर टूटा सर्वाधिक दैनिक विद्युत उत्पादन का रिकॉर्ड।
टनकपुर (चम्पावत)। टनकपुर पावर स्टेशन ने लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए दैनिक विद्युत उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 23 जुलाई 2026 को 2.558 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का रिकॉर्ड बनाने के बाद पावर स्टेशन ने 24 जुलाई 2026 को इसे भी पीछे छोड़ते हुए 2.565 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर नया इतिहास रच दिया।
पावर स्टेशन प्रबंधन के अनुसार, कमीशनिंग के बाद यह अब तक का सर्वाधिक दैनिक विद्युत उत्पादन है। लगातार दो दिनों तक रिकॉर्ड उत्पादन होने से पावर स्टेशन की कार्यकुशलता और संचालन क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन सामने आया है।
इस उपलब्धि पर टनकपुर पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे पावर स्टेशन परिवार के निरंतर कुशल संचालन, कठिन परिश्रम, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कर्मचारी इसी प्रकार एकजुट होकर कार्य करते रहेंगे और भविष्य में भी विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेंगे।
लगातार दो दिनों तक रिकॉर्ड उत्पादन ने टनकपुर पावर स्टेशन को देश के प्रमुख जलविद्युत उत्पादन केंद्रों में अपनी कार्यक्षमता का मजबूत उदाहरण प्रस्तुत करने का अवसर दिया है।


