मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।
टनकपुर (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शारदा पर्यटक आवास गृह, टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। मुख्यमंत्री का पारंपरिक छोलिया नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया, जबकि पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं का रुद्राक्ष की माला एवं भगवान शिव का पटका पहनाकर स्वागत किया और उनसे आत्मीय संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा आस्था, आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सीमांत क्षेत्रों के स्थानीय हस्तशिल्प एवं उत्पादों को खरीदकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया। प्रथम दल में चिकित्सक सहित 49 तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। श्रद्धालु देश के 13 राज्यों से इस पावन यात्रा में शामिल हुए हैं। शनिवार शाम टनकपुर पहुंचने पर उनका छोलिया नृत्य, पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री धामी के विशेष प्रयासों से लगातार दूसरे वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा टनकपुर मार्ग से संचालित हो रही है। इससे चम्पावत जिले में धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय, परिवहन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़े हैं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच प्रथम दल के रवाना होने से टनकपुर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मंडल आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं मंडल निवेदिता कुकरेती, प्रबंध निदेशक कुमाऊं मंडल विकास निगम विनीत तोमर, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव, जीएम कुमाऊं मंडल विकास निगम मनीष कुमार सिंह, प्रबंधक मनोज कुमार, उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति अध्यक्ष दीपा देवी के अलावा तमाम जनप्रतिनिधिगण, आईटीबीपी, सेना, एसएसबी एवं ग्रीफ के अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

