टनकपुर में परिवहन विभाग का संयुक्त प्रवर्तन अभियान, 97 वाहनों के चालान, 7 जब्त, क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच में वाहन परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों का किया गया सत्यापन।
टनकपुर (चम्पावत)। परिवहन विभाग टनकपुर द्वारा 10 एवं 11 जून को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज बगोरिया के नेतृत्व में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) एवं तकनीकी निरीक्षक के साथ संयुक्त प्रवर्तन एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टनकपुर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की गई। जांच में वाहन परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। साथ ही वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए हूटर, काली फिल्म तथा अन्य अनधिकृत संशोधनों की भी जांच की गई।
संयुक्त चेकिंग अभियान में कुल 97 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 7 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड परिवहन निगम (UTC) की 3 बसों, 1 मैक्स वाहन एवं 1 भारवाहन में यांत्रिक कमियां पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं UTC की एक बस को ओवरलोड संचालित पाए जाने पर उसका चालान करते हुए संबंधित चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किया गया। अभियान के दौरान कई वाहनों में लगे अवैध हूटर मौके पर ही हटवाए गए तथा काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) भी उतरवाई गई। वाहन चालकों एवं स्वामियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
ARTO मनोज बगोरिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन कराने के उद्देश्य से ऐसे संयुक्त प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखने तथा नियमों का पालन करने की अपील की। अभियान में ARTO मनोज बगोरिया, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश चंद पांडेय, तकनीकी निरीक्षक चारू चंद्र जोशी, परिवहन कर अधिकारी प्रमोद कुमार चौधरी, परिवहन सहायक निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, आनन्द सिंह बिष्ट, तथा परिवहन आरक्षी महेन्द्र पाल, सोनिया नेगी, निशा जोशी एवं नीरज कुमार शामिल रहे।

