मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में युवाओं से किया संवाद, कहा- युवा शक्ति ही विकसित भारत और सशक्त उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत।

खबर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में युवाओं से किया संवाद, कहा- युवा शक्ति ही विकसित भारत और सशक्त उत्तराखण्ड की सबसे बड़ी ताकत।

टनकपुर (चम्पावत) । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शनिवार को टनकपुर पहुंचकर शिवम फाउंडेशन द्वारा आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ सीधा संवाद करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर दिए तथा प्रदेश और देश के विकास में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

टनकपुर आगमन पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में शिवम फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सिंह सामंत ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बताया कि चम्पावत में साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज सहित कई विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।

सीमांत क्षेत्रों से पलायन और रोजगार के विषय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए पुस्तकालय, ज्ञानसेतु केंद्र, ओपन जिम, बास्केटबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने युवाओं से “ड्रग फ्री देवभूमि मिशन” के ब्रांड एंबेसडर बनने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और ई. श्रीधरन के उदाहरण देकर युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

महिला सशक्तिकरण के विषय पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 2.75 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

नकल विरोधी कानून पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सख्त कानून के चलते 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। अब प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से आयोजित हो रही हैं तथा चयन का आधार केवल योग्यता और प्रतिभा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में सिमरन जोशी, काव्या गोयल, पवन गढ़कोटी, ध्रुव शुक्ल, तरुण बोहरा, अविनाश जुयाल और शाहिद सहित कई युवा शामिल रहे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है और युवा शक्ति ही विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत तथा सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, रोजगार, खेल, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सिंह सामंत, भाजपा प्रदेश महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, शिवम फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, प्रकाश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page