भारत-नेपाल सीमा पर अतिक्रमण की आशंका, प्रशासन और एसएसबी अलर्ट, प्रशासन की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर लिया जायजा।

खबर शेयर करें -

भारत-नेपाल सीमा पर अतिक्रमण की आशंका, प्रशासन और एसएसबी अलर्ट, प्रशासन की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर लिया जायजा।

टनकपुर (चंपावत)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे टनकपुर क्षेत्र के थपलियालखेड़ा गांव के निकट स्थित नो-मेन्स लैंड पर नेपाल की ओर से अतिक्रमण किए जाने की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। सीमा सुरक्षा में तैनात एसएसबी की सूचना पर तहसील प्रशासन, वन विभाग एवं सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

गुरुवार को उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 809/1 के आसपास निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में नेपाल के कुछ नागरिकों द्वारा करीब छह बीघा भूमि पर घेराबंदी किए जाने की बात सामने आई है। संबंधित भूमि नो-मेन्स लैंड क्षेत्र में होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम स्थिति सीमांकन और विधिवत नापजोख के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पिंकी आर्य, शारदा रेंज की एसडीओ शालिनी जोशी, एसएसबी के अधिकारी तथा वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस एवं आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के अधिकारियों के बीच प्रारंभिक स्तर पर वार्ता हुई।

प्रशासन का कहना है कि सीमा से जुड़े इस संवेदनशील मामले का समाधान दोनों देशों के अधिकारियों के बीच समन्वय और आपसी वार्ता के माध्यम से निकाला जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page