टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस एवं टनकपुर-पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी, टनकपुर में केंद्रीय मंत्रियों ने किया विशेष ट्रेनों का स्वागत।

खबर शेयर करें -

टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस एवं टनकपुर-पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी, टनकपुर में केंद्रीय मंत्रियों ने किया विशेष ट्रेनों का स्वागत।

टनकपुर/पीलीभीत। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टनकपुर–हजूर साहिब नांदेड साप्ताहिक एक्सप्रेस तथा टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का विधिवत शुभारंभ करते हुए विशेष ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जुड़े रहे।

टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उपस्थित होकर टनकपुर–नांदेड एक्सप्रेस के उद्घाटन अवसर पर विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वहीं, पीलीभीत जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तारित संचालन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, सांसद मिथिलेश कुमार, सांसद अरुण कुमार सागर तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, वरिष्ठ रेल अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि कुमाऊँ क्षेत्र के लोगों तथा सिख श्रद्धालुओं द्वारा लंबे समय से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड के लिए सीधी रेल सेवा की मांग की जा रही थी। इस मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने टनकपुर–हजूर साहिब नांदेड–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान की। साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन का मार्ग शाहजहांपुर तक विस्तारित किया गया। नई रेल सेवाओं एवं मार्ग विस्तार से उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के कृषि एवं अन्य उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page