बूम में सीएम धामी का विकास संदेश: 65.95 करोड़ की तटबंध परियोजना का शिलान्यास, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में जनता से किया सीधा संवाद।

खबर शेयर करें -

बूम में सीएम धामी का विकास संदेश: 65.95 करोड़ की तटबंध परियोजना का शिलान्यास, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में जनता से किया सीधा संवाद।

टनकपुर (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को टनकपुर-पूर्णागिरी मार्ग स्थित बूम क्षेत्र में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों को बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लगभग 65.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तटबंध निर्माण परियोजना का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर स्थानीय जनता ने सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब मुख्यमंत्री धामी महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच पहुंचे। उन्होंने महिलाओं के साथ पारंपरिक चूल्हे पर मड़ुवे की रोटी बनाई और सील-बट्टे पर नमक पीसकर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि चम्पावत सहित पूरे उत्तराखंड में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि 4 जुलाई से 20 जुलाई तक पूरे प्रदेश में दूसरे चरण के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आम जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि उनकी समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही किया जा सके। मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास कार्यों, जनसंवाद और संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख चंपावत अंचला बोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी,टनकपुर दीपक रजवार, जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, जिला सहप्रभारी हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती सहित तमाम जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page