दुःखद खबर – कैलाश मानसरोवर यात्रा से दुःखद खबर: वरिष्ठ श्रद्धालु की मौत, हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ लाया गया शव।
टनकपुर/पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा से एक बेहद दुःखद समाचार सामने आया है। यात्रा के दूसरे दल में शामिल जयपुर राजस्थान निवासी 64 वर्षीय वरिष्ठ श्रद्धालु गौरी शंकर खंडेलवाल का यात्रा से वापसी के दौरान आज सुबह निधन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपनी यात्रा पूरी कर वापिस लौट रहे श्रद्धालु गौरी शंकर खंडेलवाल की नाभीढांग के पास अचानक तबियत बिगड़ने लगी और वो बेहोश हों गए, सहयात्रियों के द्वारा उन्हें नाभीढांग के सेना अस्पताल लाया गया जहाँ सेना और आईटीबीपी के चिकित्सकों ने उनका परीक्षण किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हों चुकी थी। उनके शव को गुंजी लाया गया, जहाँ से प्रशासन द्वारा हेली सेवा के माध्यम से उनके शव को पिथौरागढ़ लाया गया, उनके साथ यात्रा मे शामिल उनकी पत्नी निशा खंडेलवाल और एक डॉक्टर को भी हेलीकोप्टर से पिथौरागढ़ लाया गया। बताया जा रहा है पिथौरागढ़ मे उनका पोस्टमार्टम करने के बाद एम्बुलेंस से शव उनके घर जयपुर भेज दिया है।
इस घटना से कैलाश मानसरोवर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन और यात्रा से जुड़े अधिकारियों ने दिवंगत श्रद्धालु के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।


