हर-हर महादेव के जयघोष के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा का पांचवां दल अगले पड़ाव के लिए हुआ रवाना, देश के 16 राज्यों से आए 50 श्रद्धालुओं ने टनकपुर से भक्ति और उत्साह के साथ किया प्रस्थान, तहसीलदार पिंकी आर्या ने दिखाई हरी झंडी.

टनकपुर (चम्पावत)। शिवभक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के माहौल के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा का पांचवां दल मंगलवार प्रातः लगभग 7-30 बजे अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गया। “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से पूरा शारदा पर्यटक आवास गृह शिवमय हो उठा। तहसीलदार पिंकी आर्या ने हरी झंडी दिखाकर 50 सदस्यीय यात्रा दल को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

आपको बता दें सोमवार सायंकाल टनकपुर पहुंचे पांचवें दल का शारदा पर्यटक आवास गृह में पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और पारंपरिक कुमाऊंनी रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कुमाऊंनी लोकगीतों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भी भक्ति भाव में झूम उठे। स्थानीय बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का मन मोह लिया। यात्रियों ने कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और स्वागत व्यवस्था की मुक्तकंठ से सराहना की।

प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि पांचवें दल में कुल 50 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 31 पुरुष और 19 महिलाएं हैं। यह दल देश के 16 राज्यों से कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पर निकला है। दल में 68 वर्ष आयु के दो महिला एवं तीन पुरुष श्रद्धालु सबसे वरिष्ठ यात्री हैं, जो उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान से हैं। वहीं 30 वर्षीय एक श्रद्धालु, जो मध्य प्रदेश से हैं, दल के सबसे युवा यात्री हैं।उन्होंने बताया कि यात्रा दल के साथ मध्य प्रदेश एवं हरियाणा से दो लायजनिंग ऑफिसर (एलओ) भी शामिल हैं, जो पूरी यात्रा के दौरान यात्रियों का मार्गदर्शन करेंगे।

बताते चले टनकपुर में कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर लगातार श्रद्धालुओं का आगमन बना हुआ है। प्रशासन, कुमाऊं मंडल विकास निगम एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाएं यात्रियों के स्वागत, सम्मान और सुविधाओं की व्यवस्था में निरंतर जुटी हुई हैं। श्रद्धालु यहां की आत्मीयता, सुव्यवस्थित प्रबंधन और धार्मिक वातावरण की विशेष सराहना कर रहे हैं।

तहसीलदार पिंकी आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रशासन एवं केएमवीएन यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सरल और आध्यात्मिक अनुभव से परिपूर्ण बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष इस मार्ग से कुल 10 दल गुजरेंगे, जिनमें से पांचवें दल को मंगलवार को सफलतापूर्वक रवाना किया गया।

इस अवसर पर शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार, माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी, टीआरसी से मनीष मेहरा, विवेक कुमार, बद्री राम, अवनीश कुमार, महेश कुमार, सूरज कुमार, अर्जुन राणा, बलवंत कुमार, संदीप आर्या, सुंदर लाल, हुकम बोरा, महेश राम, पप्पू लाल एवं सरिता देवी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


