शारदा घाट का ‘जल योद्धा’ सम्मानित: 150 श्रद्धालुओं सहित अब तक करीब 1000 लोगों की बचाई जान, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री सहित अन्य लोगों ने सम्मान से नवाजा।
टनकपुर। शारदा घाट पर अपनी जान की परवाह किए बिना डूबते लोगों को नया जीवन देने वाले जल पुलिस के गोताखोर रविन्द्र कुमार ‘पहलवान’ को उनके अद्वितीय साहस और मानवीय सेवा के लिए पूर्व दर्जा राज्य मंत्री सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने सम्मानित किया। इस अवसर पर पीआरडी जवान सूरज को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रविन्द्र कुमार ‘पहलवान’ ने वर्षों से शारदा नदी में जोखिम भरे हालात में अनगिनत लोगों की जान बचाकर मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। विशेष रूप से माँ पूर्णागिरि मेले 2026 के दौरान उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर लगभग 150 तीर्थयात्रियों को डूबने से सुरक्षित बाहर निकालकर नया जीवन दिया।
बताया गया कि अपने सेवा काल में रविन्द्र कुमार ‘पहलवान’ अब तक करीब 1000 लोगों की जान बचा चुके हैं। उनकी बहादुरी, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे पूरे क्षेत्र में “जल योद्धा” के रूप में पहचान बना चुके हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि रविन्द्र कुमार ‘पहलवान’ और पीआरडी जवान सूरज ने कठिन परिस्थितियों में निस्वार्थ भाव से लोगों की जान बचाकर मानवता की सच्ची मिसाल पेश की है।
सम्मान मिलने पर रविन्द्र कुमार ‘पहलवान’ ने इसे अपनी पूरी टीम और विभाग को समर्पित करते हुए कहा कि लोगों की सुरक्षा ही उनका सबसे बड़ा दायित्व है और भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं देते रहेंगे।
जल योद्धाओं को पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शिवराज सिंह कठायत, पूर्व प्रधान हरीश चंद्र हैसियत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, वरिष्ठ भाजपा नेता रोहताश अग्रवाल और सामाजिक कार्यकर्ता सुरेन्द्र शारदा ने सम्मानित करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।

