धामी सरकार के विकास कार्यों से बौखलाया विपक्ष, जनता को बरगलाने का विपक्ष दें रहा है बयान, लेकिन जनता सब जानती है :- सूरज प्रहरी, प्रदेश मंत्री भाजपा अनुसूचित मोर्चा।

खबर शेयर करें -

धामी सरकार के विकास कार्यों से बौखलाया विपक्ष, जनता को बरगलाने का विपक्ष दें रहा है बयान, लेकिन जनता सब जानती है :- सूरज प्रहरी, प्रदेश मंत्री भाजपा अनुसूचित मोर्चा।

टनकपुर (चम्पावत)। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के साथ ही समूचे उत्तराखंड मे ऐतिहासिक विकास कार्य हों रहे हैं, जिनका लाभ आज हजारों लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि माँ पूर्णागिरी धाम मार्ग, टनकपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान भाजपा सरकार ने किया है।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान किरोड़ा नाला, गैंडाखाली, बाटनागाढ़ सहित कई स्थानों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था। इससे हजारों ग्रामीणों का संपर्क शहर के बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाओं से कट जाता था, वहीं माँ पूर्णागिरी धाम की यात्रा भी प्रभावित होती थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्थानों पर मोटर पुलों के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की, जिससे वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान का रास्ता खुला है।

प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी ने कहा कि माँ पूर्णागिरी धाम मार्ग पर विद्युतीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है, जिससे पूरा यात्रा मार्ग वर्षभर रोशनी से जगमग रहेगा। इसके अलावा टनकपुर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आईएसबीटी का निर्माण अंतिम चरण में है। शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना तथा टनकपुर को रेल नेटवर्क से और अधिक सशक्त रूप से जोड़ने की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में चम्पावत विधानसभा में हुए विकास कार्यों की सूची काफी लंबी है।

प्रदेश मंत्री ने पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में वे लगातार दस वर्षों तक विधायक रहे, लेकिन उस दौरान इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बाटनागाढ़ क्षेत्र में हर वर्ष बरसात के दौरान मलबा हटाने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते रहे, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अनावश्यक खर्च पर रोक लगाते हुए पुलों के निर्माण को मंजूरी दी और इसके लिए धनराशि भी स्वीकृत कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों से कांग्रेस के नेता बौखला गए हैं और अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा क्षेत्र की जनता विकास और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच का अंतर भली-भांति समझती है तथा विकास के साथ पूरी शालीनता और समर्पण के साथ खड़ी है।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page