बनबसा के ग्राम बेलबंद गोठ में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच द्वारा समस्याओं के निस्तारण एवं सुनवाई हेतु शिविर का किया गया आयोजन, 22 समस्याएं हुई दर्ज।
बनबसा (चम्पावत)। गुरूवार को विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच, पिथौरागढ़ सर्किल द्वारा बनबसा के ग्रामीण क्षेत्र बेलबंद गोठ स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण व सुनवाई हेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 22 शिकायते दर्ज की गयीं। जिनमें से 5 शिकायतों को विधिवत सुनवाई हेतु दर्ज किया गया, जबकि 17 मामलों का निस्तारण विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में मौके पर ही किया गया। इन शिकायतों का समाधान मंच के उपभोक्ता सदस्य शशि भूषण मैठाणी एवं तकनीकी सदस्य सुबोध कुमार त्यागी द्वारा किया गया।
उपभोक्ता सदस्य शशि भूषण मैठाणी ने विभाग को निर्देशित किया कि 10 दिनों के भीतर क्षेत्र में जारी आईडीएफ एवं आरडीएफ श्रेणी के बिलों का विस्तृत ब्यौरा मंच को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को केवल एमयू श्रेणी के बिल ही प्रदान किए जाएं। यदि किसी उपभोक्ता को दो से अधिक आईडीएफ/आरडीएफ श्रेणी के त्रुटिपूर्ण बिल जारी किए जाते हैं, तो ऐसे सभी बिल निरस्त किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग को विद्युत नियामक आयोग के दिशा-निर्देशों एवं विनियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना होगा, अन्यथा बिल निरस्तीकरण की जिम्मेदारी विभाग की होगी।
तकनीकी सदस्य सुबोध कुमार त्यागी ने कहा कि नए विद्युत कनेक्शन जारी करने में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित समय सीमा के भीतर कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि देरी होने की स्थिति में उपभोक्ता मुआवजा पाने के हकदार हैं, और यदि ऐसे मामले मंच के समक्ष आते हैं तो नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।
इस दौरान कनिष्ठ अभियंता बनबसा संजय सिंह राणा, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि रमा चौहान, दुर्वेंद्र सिंह चौहान, नफीस खान, प्रेम सिंह राणा, महेश चंद, धर्मेंद्र कुमार, बबलू कुरैशी, गुड़िया, शहीद, शबनम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

