मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शारदा घाट प्रकरण का तत्काल लिया संज्ञान, स्थानीय लोगों के हितों की सुरक्षा के दिए निर्देश, जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को लगायी कड़ी फटकार।

टनकपुर (चम्पावत)। गुरूवार को बगैर सूचना और प्रशासन को जानकारी दिए बिना शारदा बस्ती मे बुलडोजर चला देना कार्यदायी संस्था को खासा भारी पड़ गया, जिला अधिकारी मनीष कुमार ने तहसील सभागार मे आयोजित बैठक के दौरान सम्बंधित को कड़ी फटकार लगाते हुए क्षतिपूर्ति के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था ने तीन दिन के भीतर यथा स्थिति किये जाने का आश्वासन दिया। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने पूर्णागिरि तहसील सभागार में प्रभावित परिवारों, जनप्रतिनिधियों, कार्यदायी संस्था एवं अन्य संबंधित हितधारकों के साथ बैठक कर मामले का उचित समाधान किया।
उल्लेखनीय हैं कि टनकपुर के शारदा घाट क्षेत्र में शारदा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत कार्य के दौरान उत्पन्न स्थिति का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना के निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाए तथा किसी भी परिवार को अनावश्यक असुविधा या नुकसान न होने पाए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पूर्णागिरि तहसील सभागार में प्रभावित परिवारों, जनप्रतिनिधियों, कार्यदायी संस्था एवं अन्य संबंधित हितधारकों के साथ बैठक कर सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शारदा कॉरिडोर मुख्यमंत्री का महत्वाकांक्षी जनहित एवं विकास से जुड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि विकास कार्यों के साथ स्थानीय लोगों के अधिकारों, भावनाओं और हितों का भी पूरा सम्मान किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पूर्व प्रशासन को अवगत कराया जाए, स्थानीय लोगों को समय से सूचना दी जाए तथा उन्हें विश्वास में लेकर ही कार्य किया जाए। विकास कार्य संवेदनशीलता, पारदर्शिता और आपसी समन्वय के साथ किए जाएं।
बैठक के दौरान ठेकेदार कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा प्रभावित परिवारों से खेद व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया गया कि कार्य के दौरान हुई क्षति की भरपाई करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्य पूर्ण कर दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रदेश में विकास और जनहित साथ-साथ आगे बढ़ें। जिला प्रशासन इसी भावना के अनुरूप सभी पक्षों के साथ संवाद बनाकर शारदा कॉरिडोर परियोजना को आगे बढ़ाएगा, ताकि क्षेत्र के विकास के साथ स्थानीय लोगों का विश्वास और हित भी पूरी तरह सुरक्षित रहें।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार,नगर टीम लीडर शारदा परियोजना सत्यजीत राय गुप्ता , प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित बंसल, मयंक मित्तल सहित विविध हितधारक उपस्थित रहे।

