सदमा – माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी पर टूटा दुखों का पहाड़, 15 दिन पहले बड़े भाई को खोने के बाद अब पूर्व सैनिक पिता का निधन, सैनिक सम्मान के साथ हुई अंत्येष्टि।
टनकपुर(चम्पावत)। माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति की अध्यक्ष दीपा देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मंगलवार की रात उनके पूर्व सैनिक पिता नायक सुरेश लाल प्रहरी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार समेत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बुधवार को गेंडाखाली घाट स्थित पवित्र शारदा नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। बनबसा छावनी में तैनात 26 राजपूताना रेजिमेंट के जवानों ने दिवंगत पूर्व सैनिक को अंतिम सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम यात्रा में क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
बताया जा रहा है कि परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था, क्योंकि लगभग 15 दिन पूर्व ही दीपा देवी के बड़े भाई का निधन हुआ था। परिवार अभी उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब पिता के निधन ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। लगातार दो बड़े सदमों के चलते परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
समाजसेवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न संगठनों के लोग लगातार परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
छोटे भाई पूरन लाल, रोशन लाल, विजय प्रकाश के अलावा सूरज प्रहरी, संजीव टम्टा, मनोज कुमार, कमलेश प्रहरी, अजय, सुनील, हिमांशु, धीरज आदि सदमे से उबर नहीं पा रहे है।

