हादसा – चल्थी-कठौल के पास कार 70 मीटर गहरी खाई में गिरी, पांच युवक घायल; तीन हायर सेंटर रेफर, मुनस्यारी से हरियाणा जा रहीं थी कार।
टनकपुर/चल्थी। टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑल वेदर रोड पर चल्थी-कठौल के समीप सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुनस्यारी से सोनीपत (हरियाणा) लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार संख्या HR-10AN-7221 मुनस्यारी से हरियाणा की ओर जा रही थी। चल्थी-कठौल के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना राहगीरों द्वारा तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही चल्थी चौकी प्रभारी राकेश कठायत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। सभी घायलों को खाई से निकालकर 108 एम्बुलेंस की सहायता से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया।
घायलों में विवेक (32 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र सिंह, अमनदीप पुत्र राकेश कुमार, मोहित (30 वर्ष) पुत्र जगजीत, चालक आदित्य (32 वर्ष) पुत्र स्व. नरेश कुमार निवासी शहजादपुर, थाना सोनीपत तथा अतुल (32 वर्ष) पुत्र सतपाल सिंह निवासी शहजादपुर, थाना सोनीपत, हरियाणा शामिल हैं।
उप जिला चिकित्सालय में डॉ. मानवेंद्र शुक्ला एवं फार्मासिस्ट कर्मवीर आर्य द्वारा घायलों का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार मोहित, अमनदीप और अतुल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि विवेक और चालक आदित्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
चालक आदित्य ने बताया कि सभी युवक पहाड़ों में घूमने गए थे और वापस लौटते समय उसे अचानक नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

