हादसा – रेलवे में तैनात जीआरपी होमगार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बैरक के पंखे के कुंडे से लटका मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम।
टनकपुर (चम्पावत)। टनकपुर रेलवे स्टेशन में तैनात जीआरपी होमगार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होमगार्ड कर्मी का शव जीआरपी बैरक के एक कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान 27 वर्षीय प्रकाश सिंह बोहरा पुत्र नारायण सिंह, निवासी सिमलटुकड़ा, बाराकोट के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकाश सिंह बोहरा गुरुवार को ड्यूटी करने के बाद शाम को बैरक में गया। रात के समय जब जीआरपी में तैनात एएसआई कैलाश नाथ बैरक में फ्रेश होने गए, तो उन्होंने प्रकाश सिंह बोहरा को कमरे में पंखे के कुंडे से लटका देखा। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है मृतक 2019 में होमगार्ड में भर्ती हुआ था। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और एक छोटे बच्चे को छोड़ गया है। परिजन शव को अपने पैतृक गांव बाराकोट ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी हैं।




