आरोप – मुण्डन शुल्क में अवैध वसूली का फिर आरोप आया सामने, जिलाधिकारी से कार्रवाई की करी मांग, शीघ्र कार्यवाही न होने की दशा में न्याय के मंदिर में जनहित याचिका दायर किये जाने का किया ऐलान।

खबर शेयर करें -

आरोप – मुण्डन शुल्क में अवैध वसूली का फिर आरोप आया सामने, जिलाधिकारी से कार्रवाई की करी मांग, शीघ्र कार्यवाही न होने की दशा में न्याय के मंदिर में जनहित याचिका दायर किये जाने का किया ऐलान।

टनकपुर (चम्पावत)। माँ पूर्णागिरि मेला के दौरान मुण्डन स्थल पर श्रद्धालुओं से तय दर से अधिक शुल्क वसूले जाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस संबंध में जिलाधिकारी चम्पावत को एक लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में बताया गया है कि जिला पंचायत द्वारा मुण्डन कार्य का ठेका निर्धारित शर्तों के साथ दिया गया था, जिसमें प्रति मुण्डन शुल्क 151 रुपये तय है। लेकिन आरोप है कि ठेकेदार और उसके कर्मचारी श्रद्धालुओं से जबरन 250 से 400 रुपये तक वसूल रहे हैं। इससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को आर्थिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।आरोप यह भी है कि मुण्डन स्थल पर खुलेआम अवैध वसूली हो रही है और मेला प्रशासन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रहा है। सोशल मीडिया पर भी ऐसी घटनाएं सामने आने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात कही गई है। सुबह के समय जब मुण्डन कराने वालों की भीड़ अधिक होती है, तब वसूली और बढ़ाकर 400 रुपये तक कर दी जाती है।

शिकायतकर्ता पूर्व ग्राम प्रधान सुरेश सिंह महर ने कहा कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। मुण्डन स्थल पर न तो पर्याप्त निगरानी है और न ही अवैध वसूली रोकने के लिए कोई सख्त कदम उठाए गए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और निर्धारित शुल्क का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page