कस्तूरबा गांधी बालिका आवासी विद्यालय में एलुमनी मीट एवं माँ-बेटी मेले का हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया आयोजन।
टनकपुर (चम्पावत)। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासी विद्यालय में एलुमनी मीट एवं माँ-बेटी मेले का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय का वातावरण पूरे दिन उत्सवमय बना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें कुमाऊनी एवं पंजाबी नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। साथ ही “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं” विषय पर प्रस्तुत नाटक ने सभी को जागरूक करते हुए भावुक कर दिया।
इस अवसर पर सितारगंज से आए लगभग 100 छात्र-छात्राओं एवं उनके स्टाफ ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे अत्यंत प्रेरणादायक एवं सराहनीय बताया। कार्यक्रम में वार्डन प्रेमा ठाकुर के नेतृत्व में शिक्षिका मनु तिवारी तथा स्टाफ सदस्य संगीता सिंह, संजू चंद, सुमन चंद, रेनू बल्दिया, रेणु कांड पाल सहित समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी श्री भारत जोशी जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे एक सफल एवं प्रेरणादायक आयोजन बताया।
इस आयोजन से छात्राओं को नई प्रेरणा मिली तथा उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। अभिभावकों ने भी विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय बताया। फिलहाल यह एलुमनी मीट एवं माँ-बेटी मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक मूल्यों को भी सुदृढ़ किया।

