पसमांदा मुस्लिम समाज की जागरूकता, संगठन विस्तार, शिक्षा, रोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का हुआ आयोजन, शिक्षा और रोजगार को समाज की तरक्की का सबसे मजबूत बताया आधार ।
टनकपुर (चम्पावत)। पसमांदा मुस्लिम समाज की जागरूकता, संगठन विस्तार, शिक्षा, रोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद यूनुस ने समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और रोजगार ही समाज की तरक्की का सबसे मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज को अपने बच्चों की आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए तथा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और व्यापार की ओर प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने समाज से आपसी भाईचारा, शांति, सामाजिक सुधार और जागरूकता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मोहम्मद यूनुस ने कहा कि ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ समाज के शैक्षिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और समाज को मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में वक्फ से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभी संबंधित वक्फ संपत्तियों को शीघ्रातिशीघ्र उम्मीद (UMEED) पोर्टल पर दर्ज कराने पर जोर दिया गया, ताकि उनका उचित अभिलेखीकरण एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही वक्फ संपत्तियों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जानी चाहिए तथा अतिक्रमण की समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएं।
बैठक में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के चम्पावत जिला अध्यक्ष, शादाब अंसारी, वार्ड नंबर 3 के नगर पालिका सदस्य दिलदार अली, प्रदेश महासचिव वकील अंसारी सहित पसमांदा समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

