देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के आंदोलन का दूसरा चरण जारी, काली पट्टी बांधकर जताया जा रहा विरोध, सात सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन में डटे हैं कर्मचारी, मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान।
टनकपुर (चम्पावत)। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ द्वारा अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर चलाया जा रहा आंदोलन दूसरे चरण में प्रवेश कर गया है। आंदोलन के तहत सफाई कर्मचारी काली पट्टी बांधकर प्रदेश सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार रात्रि को बनबसा तथा मंगलवार को टनकपुर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार आंदोलन आर-पार की लड़ाई है और जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने सरकार से शीघ्र वार्ता कर समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की है। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्याम सिंह बाल्मीकि, अध्यक्ष कमलेश, सुनील बाल्मीकि, राकेश कुमार, उर्मिला देवी, सुरेश कुमार, सोमपाल, सन्नो, अनीता, शंकर कुमार, छत्रपाल, रामप्रकाश, नीरज कुमार, अनिल, नन्ही देवी, बित्रा देवी, सोनू कुमार सहित तमाम पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

