अस्मिता वूमेंस एथलेटिक्स लीग चम्पावत: पहले दिन U-14 बालिकाओं ने दिखाया शानदार प्रदर्शन।
टनकपुर (चम्पावत)। स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में आयोजित अस्मिता वूमेंस एथलेटिक्स लीग चम्पावत के पहले दिन मंगलवार को अंडर-14 बालिकाओं की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सुचारू संचालन एथलेटिक्स कोच मुकेश शर्मा के मार्गदर्शन में जिला एथलेटिक्स संघ चम्पावत के अध्यक्ष संग्राम सिंह यादव, कोषाध्यक्ष धनंजय गुप्ता एवं उपसचिव दीपक सिंह बिष्ट की देखरेख में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला क्रीड़ाधिकारी चंदन सिंह बिष्ट तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत खड़ायत उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास के महत्व पर जोर दिया।
पहले दिन अंडर-14 बालिकाओं के लिए ट्रायलथलॉन एवं किड्स जैवलिन सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागी बालिकाओं ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं में 60 मीटर दौड़ में गुंजन ने प्रथम, कोमल पांडे ने द्वितीय तथा राशि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लॉन्ग जंप स्पर्धा में गुंजन प्रथम, हर्षिता द्वितीय और कोमल पांडे तृतीय स्थान पर रहीं। 600 मीटर दौड़ में वंशिका ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कोमल पांडे द्वितीय और दिया तृतीय स्थान पर रहीं। हाई जंप प्रतियोगिता में पूर्वी ने प्रथम, मीनाक्षी ने द्वितीय तथा सीमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं किड्स जैवलिन स्पर्धा में कोमल पांडे ने प्रथम, वंशिका ने द्वितीय और गुंजन ने तृतीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन, 25 फरवरी को अंडर-16 बालिकाओं की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के माध्यम से मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा जारी प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
खेल प्रतियोगिताओं के दौरान टेक्निकल ऑफिशियल मोहन सिंह राणा, नरेंद्र सिंह बोहरा, अरुण, आकाशदीप एवं ममता बिष्ट, नेहा का विशेष सहयोग रहा। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव हर्ष साहनी ने सभी प्रतिभागी एथलीटों, स्कूल प्रशासन, अध्यापिकाओं, एथलेटिक्स कोच मुकेश शर्मा, एसोसिएशन के सदस्यों एवं टेक्निकल ऑफिशियल्स का सफल आयोजन हेतु आभार व्यक्त किया।

