विश्व जनसंख्या दिवस पर टनकपुर में निकली जागरूकता रैली, संतुलित जनसंख्या का दिया संदेश।
टनकपुर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के दिशा-निर्देशानुसार बाह्य न्यायालय से मुख्य बाजार तक विधिक साक्षरता एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रुचिका नरूला ने किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में माननीय रुचिका नरूला ने विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी शुरुआत वर्ष 1990 से हुई। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण संसाधनों पर बढ़ रहे दबाव को देखते हुए लोगों को परिवार नियोजन और संतुलित जनसंख्या के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि “सच्ची प्रगति की पहचान, संतुलित जनसंख्या महान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की दिशा में समाज का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से जनसंख्या संतुलन बनाए रखने, छोटे परिवार को अपनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इसके बाद बाह्य न्यायालय से बाजार क्षेत्र तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में प्रतिभागियों ने “छोटा परिवार, सुखी परिवार”, “जनसंख्या नियंत्रण, भविष्य का निर्माण”, “जनसंख्या पर रोक लगाएं, देश को मजबूत बनाएं” तथा “धरती मां की यही पुकार, बच्चे कम और खुशियां हजार” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
कार्यक्रम में पीएलवी (अधिकार मित्र) विजेंद्र अग्रवाल, शमशाद बानो, अजय गुर्रानी, सोनी सिंह, किरण जोशी, किरण गहतोड़ी, राधिका अधिकारी, दीपा देवी, रीता कनौजिया, अमित कुमार, प्रियंका पंचोली, सुनील कुमार, अनिल कुमार, प्रियंका, अंजू बोहरा, कुंवर सिंह भंडारी, दिग्विजय तड़ागी तथा प्रो बोनो पीएलवी इजहार अली, सोनी जहां, ममता भंडारी और नीरू विष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

