टनकपुर में रोडवेज कर्मचारियों का बड़ा आरोप, सहायक महाप्रबंधक पर मनमानी का आरोप।
टनकपुर। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड, टनकपुर क्षेत्र की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में सहायक महाप्रबंधक टनकपुर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिषद का कहना है कि अधिकारी द्वारा मुख्यालय के निर्देशों के विपरीत कार्य करते हुए निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
पत्र के अनुसार, पिछले करीब 6 महीनों में ऑफ-रोड बसों के संचालन और व्यवस्थाओं में अनियमितताएं सामने आई हैं, जिससे निगम को लगातार राजस्व हानि हो रही है। परिषद का आरोप है कि शाखा प्रबंधन समिति द्वारा बार-बार अनुरोध के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
कर्मचारी संगठन का यह भी कहना है कि मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा, जिसके चलते टनकपुर डिपो में बसों की संख्या बढ़ने और सेवाओं के प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। इससे यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
परिषद ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि निगम को हो रहे नुकसान को रोका जा सके और व्यवस्थाएं सुचारु हो सकें।

