टनकपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.78 ग्राम स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट मे मुकदमा दर्ज, आरोपितो का पहले से भी बताया जा रहा है आपराधिक रिकार्ड।

टनकपुर (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” संकल्प को साकार करने की दिशा में चम्पावत पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाए हुए है। इसी क्रम में कोतवाली टनकपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.78 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में सोमवार को कोतवाली टनकपुर पुलिस द्वारा पूर्णागिरि विहार क्षेत्र में पहाड़ी के उत्तरी किनारे पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने राजन सक्सेना (19 वर्ष) पुत्र उमेश सक्सेना निवासी वार्ड संख्या-01, पूर्णागिरि विहार कॉलोनी, टनकपुर के कब्जे से 4.53 ग्राम तथा यश गुप्ता (21 वर्ष) पुत्र स्व. मनोज कुमार गुप्ता निवासी वार्ड संख्या-01, पूर्णागिरि विहार कॉलोनी, टनकपुर के कब्जे से 4.25 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। दोनों अभियुक्तों से कुल 8.78 ग्राम स्मैक बरामद होने पर उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। राजन सक्सेना के विरुद्ध वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है, जबकि यश गुप्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं लूट से संबंधित कई मामले पहले से दर्ज हैं। कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अकरम अहमद, हेड कांस्टेबल कमल कुमार तथा कांस्टेबल अनिल गुप्ता शामिल रहे।

