पाटी नगर पंचायत में निर्दलीय नारायण लाल की बड़ी जीत, भाजपा प्रत्याशी को 224 मतों से हराया।
चम्पावत। नगर पंचायत पाटी अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 224 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। इस परिणाम ने क्षेत्र की स्थानीय राजनीति में नया समीकरण खड़ा कर दिया है। जीत के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में समर्थकों ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया और “नारायण-नारायण” के नारों से माहौल गूंज उठा।
मतगणना के घोषित परिणामों के अनुसार नारायण लाल को 738 मत, भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 मत तथा निर्दलीय प्रत्याशी पार्वती देवी को 301 मत प्राप्त हुए। भाजपा की पूरी चुनावी टीम के सामने एक निर्दलीय उम्मीदवार की इस जीत को क्षेत्र में बड़ी राजनीतिक घटना के रूप में देखा जा रहा है।
➡️ तीन बार हुई मतगणना, देर से घोषित हुआ परिणाम
मतगणना के दौरान परिणामों की घोषणा में हुई देरी चर्चा का विषय बनी रही। अध्यक्ष पद की मतगणना तीन बार कराई गई, जिसके चलते माहौल गर्म हो गया। जीत का अंतर स्पष्ट होने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी करने में हुई देरी पर विजयी प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने नाराजगी भी जताई। समर्थकों का कहना था कि आधिकारिक प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही वे पूरी तरह परिणाम पर भरोसा कर पाएंगे।
जीत की घोषणा के बाद समर्थकों ने बाजार में जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। वहीं राजनीतिक जानकार इस परिणाम को पाटी नगर पंचायत की राजनीति में बदलाव के संकेत के रूप में देख रहे हैं।

