कथित फर्जी गैंग रेप प्रकरण मे झूठ की पटकथा लिखने वालों पर चम्पावत पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, साजिश का एक और किरदार सलाखों के पीछे।

➡️ “साजिश चाहे कितनी भी गहरी क्यों न हो, कानून के हाथ हर आरोपी तक पहुंचेंगे”- चम्पावत पुलिस.
चम्पावत। जनपद चम्पावत में चर्चित कथित दुष्कर्म प्रकरण में रची गई साजिश की परतें अब एक-एक कर खुलती जा रही हैं। चम्पावत पुलिस लगातार कार्रवाई करते हुए उन चेहरों को बेनकाब कर रही है, जिन्होंने कानून को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार इसी क्रम में पुलिस ने साजिश में शामिल एक और आरोपी राहुल सिंह रावत को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली चम्पावत में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 16/2026 की विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर आरोपी राहुल सिंह रावत का नाम सामने आया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस कप्तान रेखा यादव के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान चलाया। आखिरकार रविवार को प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना, सुरागरसी और लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी राहुल सिंह रावत पुत्र प्रकाश सिंह रावत निवासी ग्राम सल्ली, कोतवाली चम्पावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि झूठी साजिश रचकर कानून को भ्रमित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। चम्पावत पुलिस हर पहलू की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों को जेल तक पहुंचाने में जुटी हुई है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक राकेश कठायत और कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।


