लोहाघाट का बेटा बना आईएएस: अनुज पंत के स्वागत में उमड़ा जन सैलाब, नगर में छाया उत्सव सा माहौल, यूपीएससी में 69वीं रैंक हासिल कर पहली बार घर लौटे अनुज पंत का भव्य अभिनंदन, युवाओं को दिया संदेश “लगातार मेहनत ही सफलता की कुंजी”।
लोहाघाट। बुधवार को लोहाघाट नगर और आसपास के क्षेत्रों में उस समय जश्न का माहौल बन गया, जब 23 वर्षीय अनुज पंत यूपीएससी परीक्षा में 69वीं रैंक प्राप्त कर आईएएस बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे। उनके स्वागत के लिए उमड़ी भीड़ ने पूरे नगर को मानो उत्सव में बदल दिया। हर ओर फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच अनुज का भव्य स्वागत किया गया।
नगर पालिका सभागार में आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे सभागार छोटा पड़ गया। नगर के साथ-साथ बाराकोट ब्लॉक के विभिन्न गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग अनुज के गांव छुलापे पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने अनुज पंत को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में मिली यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे ने कहा कि अनुज की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कार्यक्रम में समाजसेवी संजय देव को भी सम्मानित किया गया, जो वर्षों से जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने में लगे हैं। साथ ही अनुज के माता-पिता दिनेश पंत और मीना पंत का भी माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में अनुज पंत ने युवाओं को सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पहले प्रयास में असफलता के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और रोजाना करीब 10 घंटे अध्ययन कर अपने लक्ष्य पर अर्जुन की तरह फोकस बनाए रखा।
उन्होंने यह भी बताया कि बिना किसी कोचिंग के उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और आईपीएस प्रशिक्षण के दौरान अवकाश लेकर पढ़ाई को आगे बढ़ाया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। अनुज ने युवाओं को सलाह दी कि वे एक लक्ष्य तय कर उसी दिशा में निरंतर प्रयास करें और दूसरों की नकारात्मक बातों से विचलित न हों। अंत में अनुज पंत ने अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जहां भी रहें, अपनी मातृभूमि से जुड़े रहेंगे और समय-समय पर यहां आकर आशीर्वाद लेते रहेंगे। कार्यक्रम में बीडी ओली, निर्मल मेहरा, राजू गड़कोटी, सचिन जोशी, श्याम चौबे, मुकेश जोशी, खिलानंद पंत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन जीवन कलोनी द्वारा किया गया।

