शारदा बैराज में मिला नेपाल पुलिस के जवान का शव, तीन दिन पहले नेपाल के परी गांव मे नहाने के दौरान चाचा संग नदी में बह जाने की जानकारी आ रहीं हैं सामने, पीएम के बाद शव परिजनों के किया सुपुर्द।
➡️ नेपाल के डढ़ेलधुरा निवासी एपीएफ जवान ओमप्रकाश पुन की तलाश का दुखद अंत, परिवार में पसरा मातम.
टनकपुर (चम्पावत)। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े शारदा बैराज में सोमवार को एक दर्दनाक घटना का अंत हुआ, जब नेपाल के आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के जवान का शव बरामद किया गया। तीन दिन से लापता जवान की तलाश में जुटे परिजनों को आखिरकार उसकी मौत की खबर ने गहरे शोक में डुबो दिया। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर टनकपुर स्थित शारदा बैराज में एक शव फंसा हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान नेपाल के डढ़ेलधुरा जिले के अलीताल क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय ओमप्रकाश पुन पुत्र प्रेम बहादुर पुन के रूप में की गई। ओमप्रकाश नेपाल की आर्म्स पुलिस फोर्स (एपीएफ) में जवान के पद पर तैनात थे।
बताया गया कि गत 29 मई को ओमप्रकाश अपने 65 वर्षीय चाचा तीर्थ थापा के साथ नेपाल के परी गांव क्षेत्र में नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद नेपाल में लगातार खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। सोमवार को दोनों की तलाश का दुखद अंत हुआ। जहां चाचा तीर्थ थापा का शव नेपाल में नदी किनारे बरामद हुआ, वहीं ओमप्रकाश का शव बहते हुए शारदा नदी के रास्ते टनकपुर बैराज तक पहुंच गया, जहां उसे बरामद किया गया।
मृतक के बड़े भाई महेंद्र पुन ने बताया कि ओमप्रकाश अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। जवान की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

