माता पूर्णागिरि के दर्शनों को अपने परिवार के साथ यूपी से आए श्रद्धालु की मौत, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के बाद परिजनों के किया सुपुर्द।

टनकपुर (चम्पावत)। माता पूर्णागिरि धाम के दर्शनों को आए एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिसौली तहसील, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) निवासी 48 वर्षीय उपदेश गुप्ता पुत्र राम रचपाल गुप्ता शुक्रवार को अपनी पत्नी रेशू, बेटी मान्या, बड़े भाई आदेश एवं दोस्तों के साथ ट्रेन से माता पूर्णागिरि के दर्शनों के लिए टनकपुर पहुंचे थे। मंदिर की ओर जाते समय काली मंदिर से पहले चढ़ाई वाले मार्ग पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों, दुकानदारों एवं नेपाली श्रमिकों की सहायता से शव को लगभग तीन किलोमीटर पैदल मार्ग तय कर भैरव मंदिर क्षेत्र तक लाया गया। इसके बाद शुक्रवार रात्रि 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शनिवार सुबह पुलिस द्वारा पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। उप जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मानवेंद्र शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।


