यात्रियों को लेकर ई-रिक्शा यूनियन और टैक्सी परमिट बाइक यूनियन आमने-सामने, शारदा बैराज में आवागमन बंद होने से आक्रोश, दोनों यूनियनों ने यात्रियों को लेकर एक दूसरे पर लगाएं आरोप प्रशासन हुआ सख्त।
टनकपुर (चम्पावत)। यात्रियों को लेकर ई-रिक्शा यूनियन और टैक्सी परमिट बाइक यूनियन आमने-सामने आ गई हैं। दोनों यूनियनों के सदस्य लाव-लश्कर के साथ उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आकाश जोशी के कार्यालय पहुंचे और अपनी-अपनी व्यथा रखी।टैक्सी परमिट बाइक चालकों ने बताया कि शारदा बैराज से नेपाल आवागमन पर लगी रोक के चलते उनकी रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। बाइक चालकों का कहना है कि बैराज मार्ग बंद होने से उनका मुख्य रोजगार प्रभावित हुआ है।
बताते चले गुरूवार को टनकपुर बैराज मार्ग पर टैक्सी बाइक संचालन पर लगी रोक से नाराज बाइक संचालकों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बैराज मार्ग पर टैक्सी बाइकों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध को तत्काल हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारी टैक्सी बाइक संचालकों ने बताया कि टनकपुर बैराज मार्ग से नेपाल ब्रह्मदेव भारतीय सीमा तक टैक्सी बाइक का संचालन किया जाता है, जिस पर एनएचपीसी ने अचानक रोक लगा दी हैं । इस निर्णय से करीब पांच दर्जन टैक्सी बाइक संचालकों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है।वहीं ई-रिक्शा यूनियन पर आरोप लगाते हुए बाइक यूनियन ने कहा कि ई-रिक्शा चालक नगर क्षेत्र से यात्रियों को बाइक से ले जाने नहीं दे रहे, विरोध करने पर मारपीट तक की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं ई रिक्शा यूनियन ने बाइक चालकों पर मनमानी से यात्रियों को लें जाने का आरोप लगाया हैं, जिस कारण उनकी रोजी रोटी प्रभावित हो रहीं हैं।
मामले पर एसडीएम आकाश जोशी ने स्पष्ट किया कि शारदा बैराज से आवागमन एनएचपीसी द्वारा आंतरिक सुरक्षा के मद्देनजर रोका गया है, तथा बैराज की सुरक्षा एनएचपीसी का निजी दायित्व है। एसडीएम आकाश जोशी ने दोनों यूनियनों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ई-रिक्शा और टैक्सी परमिट बाइक चालक नगर क्षेत्र के भीतर कहीं से भी यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए स्वतंत्र हैं। यदि किसी भी पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष को कार्य करने से रोका गया, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की सख्त चेतावनी के बाद फिलहाल मामला भले ही शांत शांत होता नजर आया। लेकिन बाईक यूनियन ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचकर बैराज से आवगमन खोलने की गुहार लगायी हैं। इस दौरान एआरटीओ मनोज बगोरिया, ई रिक्शा यूनियन अध्यक्ष मनोज गढ़कोटी, बाइक यूनियन अध्यक्ष मनोज कुमार, विजय गिरी, रोहित कश्यप, रवि गुप्ता, भूरा अंसारी, विक्रम, सोनू कश्यप, नितिन कुमार, आकाश कुमार, भोला कश्यप, गुड्डू, अफसार अहमद, शोएब अहमद सहित दोनों यूनियन के सैकड़ो लोग मौजूद रहे।




