टनकपुर में हाथी का कहर- जंगल गई महिला की हाथी के हमले से दर्दनाक मौत, मानव–वन्यजीव संघर्ष ने झकझोरा, पोस्टमार्टम की कार्यवाही जारी, वन महकमा मुआवजे की कार्यवाही में जुटा।

खबर शेयर करें -

टनकपुर में हाथी का कहर- जंगल गई महिला की हाथी के हमले से दर्दनाक मौत, मानव–वन्यजीव संघर्ष ने झकझोरा, पोस्टमार्टम की कार्यवाही जारी, वन महकमा मुआवजे की कार्यवाही में जुटा।

टनकपुर (चम्पावत)। नगर क्षेत्र से लगे जंगल में मानव–वन्यजीव संघर्ष की एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड संख्या 05 नई बस्ती निवासी एक महिला की हाथी के हमले में मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक महिला माधुरी पत्नी भूपराम अन्य महिलाओं के साथ जंगल क्षेत्र में लकड़ी लेने गई थी। इसी दौरान सेनापानी मार्ग में दीवान चौकी के नजदीक अचानक जंगल में मौजूद हाथी ने हमला कर दिया। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग, स्थानीय निवासियों की मदद से घायल महिला को तत्काल 108 एम्बुलेंस द्वारा टनकपुर उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दुःखद समाचार के फ़ैलते ही अस्पताल में सैकड़ो लोगों का हुजूम एकत्रित हो गया। मौके पर सीएम कैम्प कार्यालय के अधिकारी, एसडीएम, वन विभाग, पुलिस प्रशासन और तमाम राजस्व कर्मी मौजूद रहे। अस्पताल में पंचनामे की कार्रवाई पूरी कर ली गई है तथा पोस्टमार्टम प्रक्रिया जारी है। घटना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग भी सक्रिय हो गया है। डीएफओ कुंदन कुमार हल्द्वानी से टनकपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि मृतक महिला के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद नई बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव की गंभीर चुनौती को उजागर करती है। वहीं स्थानीय लोगों को जंगल से दूरी बनाये रखने जा सबक भी देती हैं। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ हैं।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page