पूर्व सैनिक नायक स्व. सुरेश लाल प्रहरी को भावभीनी श्रद्धांजलि, माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति की शोकसभा में नम हुईं आँखें, दो मिनट का रखा गया मौन।
टनकपुर (चम्पावत)। माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति द्वारा समिति की अध्यक्ष दीपा देवी के पिता, पूर्व सैनिक नायक स्वर्गीय सुरेश लाल प्रहरी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए एक भावपूर्ण शोकसभा का आयोजन किया गया। शोकसभा का माहौल बेहद गमगीन रहा, जहाँ उपस्थित लोगों ने नम आँखों से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समिति की उपाध्यक्ष सुनीता सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में मृतक आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके उपरांत उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर स्वर्गीय सुरेश लाल प्रहरी को श्रद्धासुमन अर्पित किये।
समिति के सचिव बीएल यादव के संचालन में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय सुरेश लाल प्रहरी एक अनुशासित, सरल एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने भारतीय सेना में रहकर देश सेवा की और समाज में भी अपने व्यवहार एवं संस्कारों से विशेष पहचान बनाई। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। समिति की आशा देवी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
वक्ताओं ने कहा कि एक पिता का साया उठ जाना जीवन की सबसे बड़ी पीड़ा होती है। इस दुख की घड़ी में समिति का प्रत्येक सदस्य अध्यक्ष दीपा देवी एवं उनके परिजनों के साथ खड़ा है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। शोकसभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सुरेश लाल प्रहरी के व्यक्तित्व एवं उनके सादगीपूर्ण जीवन को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


