खटीमा – अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर खटीमा में विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में विशाल जनाक्रोश, सीबीआई जांच की मांग को लेकर तहसील घेराव, पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने का किया ऐलान।

खबर शेयर करें -

खटीमा – अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर खटीमा में विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में विशाल जनाक्रोश, सीबीआई जांच की मांग को लेकर तहसील घेराव, पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने का किया ऐलान।

खटीमा। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के साथ हुए जघन्य अन्याय के विरोध में तथा हत्याकांड की तत्काल एवं निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग को लेकर खटीमा में विशाल जनाक्रोश मार्च एवं तहसील घेराव का आयोजन उपनेता प्रतिपक्ष विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में किया गया। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पूरे प्रदेश में आमजन का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष लगातार इस मामले में निष्पक्ष जांच और सीबीआई जांच की मांग को लेकर सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में कांग्रेस पार्टी ने बड़ा प्रदर्शन किया। विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में सच को दबाने का प्रयास कर रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलेगा और मामले की सीबीआई जांच नहीं कराई जाएगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन में खटीमा क्षेत्र के सैकड़ों जागरूक नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं जुझारू कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।जनाक्रोश मार्च के दौरान पूरे क्षेत्र में “न्याय चाहिए—CBI जांच चाहिए” और “अन्याय के विरुद्ध एकजुट आवाज़” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। आमजन का आक्रोश इस बात का प्रतीक था कि प्रदेश की जनता अब किसी भी प्रकार के अन्याय को चुपचाप सहने को तैयार नहीं है।

इस अवसर पर विधायक भुवन कापड़ी ने जनसभा को संबोधित करते हुए आंदोलन में शामिल सभी क्षेत्रवासियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा—“आपकी एकजुटता, साहस और संकल्प ही इस संघर्ष की सबसे बड़ी शक्ति है। यह आवाज़ तब तक बुलंद रहेगी, जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता।”उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए है। जब तक पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिलता, तब तक यह जन आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों ने एक स्वर में निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page