बमनपुरी में बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य का शुभारंभ, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार, बरसात मे बाढ़ से राहत मिलने की जताई जा रहीं है संभावना।
➡️ मुख्यमंत्री की घोषणा हुई धरातल पर, बमनपुरी में 293 मीटर बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य शुरू.
➡️ बरसात में बाढ़ से राहत की उम्मीद, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जताया आभार.
बनबसा (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणा के क्रम में ग्राम सभा बमनपुरी में बाढ़ नियंत्रण योजना के अंतर्गत 293 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। निर्माण कार्य का शुभारंभ मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि दीपक चंद रजवार ने विधिवत रूप से किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सुरक्षा दीवार के निर्माण से बमनपुरी ग्राम सभा को बरसात के दौरान आने वाली बाढ़ की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। वर्षों से बाढ़ के पानी से प्रभावित हो रहे ग्रामीणों के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वैशाली राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट, जिला उपाध्यक्ष हरीश पांडेय, मंडल महामंत्री मोनू ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप पाठक, मुख्यमंत्री कार्यालय से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जीवन सिंह नेगी, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी घोषणा के धरातल पर उतरने से क्षेत्र की एक लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुरक्षा दीवार के निर्माण से बमनपुरी क्षेत्र को बरसात के मौसम में बाढ़ के खतरे से राहत मिलेगी तथा लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

