शारदा घाट में डूबने से दो युवकों की बचाई गई जान, जल पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।

खबर शेयर करें -

शारदा घाट में डूबने से दो युवकों की बचाई गई जान, जल पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।

टनकपुर (चम्पावत)। शारदा घाट में स्नान के दौरान आए दिन श्रद्धालुओं के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आने की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को भी एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब पूर्णागिरि दर्शन के बाद सिद्धबाबा जाने के लिए परिवार के साथ शारदा घाट में स्नान कर रहे दो युवक तेज बहाव में फंस गए।

जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र (18) पुत्र ओमप्रकाश एवं अतुल (16) पुत्र धर्मपाल, निवासी बड़ागांव, नवाबगंज, बरेली उत्तर प्रदेश स्नान करते समय अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए। युवकों को बहता देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और शोर मचाया गया। सूचना मिलते ही शारदा घाट पर तैनात जल पुलिस एवं तैराक टीम तत्काल सक्रिय हुई और दोनों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया। जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

घाट पर तैनात जवान रविंद्र पहलवान ने बताया कि श्रद्धालु स्नान करते-करते अक्सर गहरे पानी की ओर पहुंच जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान करने की अपील की है। रेसक्यू टीम मे जल पुलिस के गोताखोर रविन्द्र कुमार उर्फ़ पहलवान, कपूर राना, राकेश गिरी, अमित कुमार व पीआरडी जवान सूरज शर्मा मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page