सार्थक पहल – मानसून से पहले चम्पावत प्रशासन सतर्क, पेयजल योजनाओं की निगरानी हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नोडल अधिकारी किये तैनात।

चम्पावत। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जनपद में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मानसून के दौरान अतिवृष्टि, भूस्खलन एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण पेयजल योजनाओं के क्षतिग्रस्त होने की संभावना बनी रहती है, जिससे आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी द्वारा वर्षा ऋतु में क्षतिग्रस्त होने वाली पेयजल योजनाओं की सतत निगरानी एवं त्वरित मरम्मत के लिए जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि प्रकाश डोबवाल को जनपदीय नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनका संपर्क नंबर 9412034680 है।
जिलाधिकारी ने बताया कि नोडल अधिकारी का मुख्य दायित्व किसी भी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाना तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराकर पेयजल आपूर्ति शीघ्र बहाल कराना होगा।

