खून की जरूरत होने पर अब नहीं लगानी होगी दूसरे जिलों की दौड़, टनकपुर में शुरू हुआ ब्लड स्टोरेज, विधायक प्रतिनिधि ने किया शुभारंभ।

खबर शेयर करें -

खून की जरूरत होने पर अब नहीं लगानी होगी दूसरे जिलों की दौड़, टनकपुर में शुरू हुआ ब्लड स्टोरेज, विधायक प्रतिनिधि ने किया शुभारंभ।

➡️ मदर यूनिट चम्पावत से लाया गया चार यूनिट रक्त.

टनकपुर (चम्पावत)। टनकपुर में खून की कमी अब जिंदगी पर भारी नहीं पड़ेगी। उप जिला अस्पताल में शनिवार से ब्लड स्टोरेज यूनिट का संचालन शुरू हो गया है। ब्लड स्टोरेज का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि दीपक राजवार ने फीता काटकर किया, उन्होंने कहा कि अब ब्लड स्टोरेज यूनिट से खून की जरूरत को पूरा किया जा सकेगा। इस यूनिट का लाभ टनकपुर-बनबसा के लोगों को मिलेगा।

यहां के लोगों को खून की जरूरत होने पर अब तक खटीमा, रुद्रपुर, नैनीताल और दूसरे जिलों की दौड़ लगानी पड़ रही थी। ब्लड स्टोरेज बनने से इस समस्या से निजात मिलेगी। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ घनश्याम तिवारी ने बताया कि लाइसेंस मिलने के बाद शनिवार से टनकपुर में ब्लड स्टोरेज यूनिट को शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में स्टोरेज में हर ग्रुप की चार यूनिट रक्त रखा गया है। ब्लड स्टोरेज की मदर यूनिट चंपावत ब्लड बैंक होगी। पैथोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि कूट मदर यूनिट चम्पावत से चार यूनिट रक्त लाई। करीब तीन माह पूर्व अस्पताल में कमरा निर्माण के अलावा डीप-फ्रीजर, माइक्रोस्कोप, लैब तकनीशियन आदि की जरूरतों को पूरा किया गया था। कई बार समय पर रक्त नहीं मिलना जानलेवा तक साबित होता रहा है। ब्लड स्टोरेज के संचालन से खून की कमी की वजह से ऑपरेशन, गर्भवती, हादसे या दूसरी तरह की इमरजेंसी में होने वाली दुश्वारी कम हो सकेगी। शुभारंभ मौके पर सीएमएस डॉ घनश्याम तिवारी, पैथोलॉजिस्ट डॉ रश्मि कूट, डॉ जितेंद्र जोशी, डॉ आफताब अंसारी, डॉ नौनिहाल सिंह के अलावा अस्पताल के कर्मचारी और पीएलवी विजेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page