सूरज की चमक प्रदेश भाजपा अनुसूचित मोर्चे में, प्रदेश मंत्री का दायित्व मिलने पर सूरज प्रहरी ने जताया मुख्यमंत्री सहित प्रदेश नेतृत्व का आभार, 2027 जीतने का लिया संकल्प।

देहरादून/चम्पावत – चम्पावत के युवा, संघर्षशील, जुझारू युवा नेता सूरज प्रहरी को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा ने प्रदेश मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौपा हैं। प्रदेश पदाधिकारी बनने पर सूरज ने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा यह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ संगठन के प्रति और अधिक जिम्मेदारी का अवसर है। प्रदेश मंत्री बनने के उपरांत देहरादून पहुँचकर उन्होंने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुन्दन परिहार, वरिष्ठ नेता पुष्कर काला सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं से भेंट कर उनका आशीर्वाद लेकर संगठन हित में मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री एवं चम्पावत के विधायक पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष माननीय महेन्द्र भट्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल का आभार व्यक्त किया। कहा


प्रदेश नेतृत्व द्वारा संगठन हित में मुझ पर जो विश्वास जताया गया है, उसे मैं पूरी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव के साथ निभाने का हरसंभव प्रयास करूंगा। साथ ही मैं चम्पावत जनपद के भारतीय जनता पार्टी के समस्त ज्येष्ठ-श्रेष्ठ पदाधिकारियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का भी विशेष रूप से धन्यवाद करता हूँ, और उनके आशीर्वाद और सहयोग का मैं सदैव ऋणी रहूँगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एवं उसके सभी मोर्चों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मिलकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आज उत्तराखण्ड सरकार समान दृष्टिकोण के साथ विकास के संकल्पों को आगे बढ़ा रही है। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से दूरस्थ एवं वंचित गांवों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार के कार्यकाल में अनुसूचित जाति एवं जनजाति बाहुल्य गांवों का विकास तेजी से हुआ है और आगे भी यह गति बनी रहेगी। उन्होंने कहा हम सभी एकजुटता और संकल्प के साथ आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा को प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक बूथ पर और अधिक मजबूत करेंगे तथा प्रदेश में भाजपा को प्रचंड विजय दिलाने के लिए पूरी शक्ति के साथ कार्य करेंगे।




