पं. दीनदयाल उपाध्याय को भारत रत्न देने की मांग, राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री को पत्र प्रेषित, समाजसेवी दीप चंद्र पाठक ने पुण्यतिथि पर उठाई सम्मान की आवाज।

टनकपुर/चम्पावत। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर समाजसेवी दीप चंद्र पाठक द्वारा माननीय राष्ट्रपति महोदया एवं माननीय प्रधानमंत्री जी को पत्र प्रेषित कर उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किए जाने की मांग की गई है।
पत्र में दीप चंद्र पाठक ने उल्लेख किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी एक महान चिंतक, राष्ट्रवादी नेता तथा “एकात्म मानववाद” के प्रणेता थे। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शक हैं। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने वाले “अंत्योदय” सिद्धांत को देश के सामने रखा, जो आज भी सरकारी नीतियों का आधार बना हुआ है।
दीप चंद्र पाठक ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का सादगीपूर्ण, राष्ट्रसमर्पित एवं प्रेरणादायी जीवन देशवासियों के लिए आदर्श है। करोड़ों नागरिकों की भावना है कि ऐसे महान राष्ट्रपुरुष को भारत रत्न से सम्मानित कर राष्ट्र उनकी अमूल्य सेवाओं का सम्मान करे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मांग किसी दल या व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि जनभावना की अभिव्यक्ति है। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर देश की भावनाओं का सम्मान करेगी।

