बूम क्षेत्र में डूबे दूसरे युवक का शव भी बरामद, चार दिन बाद शारदा बैराज पर मिला नैतिक सक्सेना का शव।
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग स्थित बूम क्षेत्र में शारदा नदी में डूबे दो चचेरे भाइयों में से दूसरे युवक नैतिक सक्सेना (18) का शव शुक्रवार को घटना के चार दिन बाद शारदा बैराज क्षेत्र से बरामद हो गया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को तरुण सक्सेना (20) का शव बूम क्षेत्र के समीप बरामद हुआ था।
गौरतलब है कि 22 जून की दोपहर टनकपुर के वार्ड नंबर-3 निवासी दोनों चचेरे भाई शारदा नदी में स्नान करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए थे। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ, पीएसी, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
शुक्रवार पूर्वाह्न नैतिक सक्सेना का शव शारदा बैराज क्षेत्र से बरामद किया गया। कोतवाली टनकपुर के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत ने बताया कि हाथ में पहनी अंगूठी के आधार पर शव की शिनाख्त की गई। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों ने दिवंगत युवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

