दुःखद – पानी की टंकी निर्माण के दौरान हादसा, करंट लगने से नेपाली युवक की मौत, अस्पताल लाने से पहले ही तोड़ा दम।
चम्पावत। जनपद के पाटी विकासखंड के जोलाड़ी गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी के निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य में जुटा 20 वर्षीय मजदूर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार नेपाल के महेंद्रनगर निवासी गजेन्द्र विक्की (20 वर्ष) पुत्र गोपी विक्की निर्माण स्थल पर सरिया सीधा कर रहे थे। इसी दौरान सरिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
साथी मजदूर उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रमेश चंद्र बेलवाल ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन और हाईटेंशन लाइनों के आसपास किए जा रहे कार्यों को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराया जा रहा था।

