स्वाला डेंजर ज़ोन की बाधा समाप्त, टनकपुर–पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अब 24 घंटे निर्बाध रहेगा यातायात, सीएम धामी के प्रयासों से पूरा हुआ सुधारीकरण कार्य, सीमांत क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ स्थायी समाधान।

खबर शेयर करें -

स्वाला डेंजर ज़ोन की बाधा समाप्त, टनकपुर–पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अब 24 घंटे निर्बाध रहेगा यातायात, सीएम धामी के प्रयासों से पूरा हुआ सुधारीकरण कार्य, सीमांत क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ स्थायी समाधान।

चम्पावत। टनकपुर–पिथौरागढ़ ऑल वेदर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से दुर्घटना और यातायात बाधित होने का कारण बने स्वाला डेंजर ज़ोन का सुधारीकरण कार्य पूर्ण हो गया है। इसके साथ ही अब इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर 24 घंटे निर्बाध रूप से यातायात संचालित होगा। रात के समय वाहनों की आवाजाही पर लगने वाली रोक भी समाप्त हो गई है, जिससे सीमांत क्षेत्र के लोगों, यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इस संवेदनशील क्षेत्र के स्थायी उपचार को प्राथमिकता दी गई। मुख्यमंत्री के लगातार दिशा-निर्देशों और प्रशासनिक मॉनिटरिंग के चलते सुधारीकरण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया गया। कार्य पूर्ण होने के बाद अब निर्माण कार्य से संबंधित किसी प्रकार का अवरोध शेष नहीं है और मार्ग पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि ऑल वेदर रोड परियोजना से पहले चम्पावत से टनकपुर की यात्रा में लगभग चार से पांच घंटे का समय लगता था। वर्ष 2017 में केंद्र सरकार द्वारा परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद सड़क संपर्क में उल्लेखनीय सुधार हुआ, लेकिन स्वाला डेंजर ज़ोन बरसात के दौरान भूस्खलन के कारण सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। कई बार सड़क कई दिनों तक बंद रहती थी और रात के समय आवागमन पर प्रतिबंध लगाना पड़ता था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन और कार्यदायी संस्था को लगातार आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पिछले एक वर्ष से परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य की प्रगति की समीक्षा की। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बावजूद प्रशासन और कार्यदायी संस्था के समन्वय से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। सुधारीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद अब टनकपुर–पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के समय भी निर्बाध आवाजाही संभव होगी। इससे आपातकालीन सेवाओं, व्यापारिक वाहनों, कैलाश मानसरोवर यात्रा तथा सीमांत क्षेत्रों की आवाजाही को विशेष लाभ मिलेगा।

इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला प्रशासन तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और अभियंताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराना, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, शंकर पांडे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, रोहित बिष्ट, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Breaking News

You cannot copy content of this page