पत्रकारों के सम्मान पर सवाल ! जिला अस्पताल में अभद्र व्यवहार के विरोध में पत्रकार संगठन लामबंद, जिला अस्पताल में पत्रकारों से अभद्र व्यवहार का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सौपा ज्ञापन।
➡️ चम्पावत जिला पत्रकार संगठन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल उठाने का लगाया आरोप.
➡️ निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग; प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा का उठाया मुद्दा.
चम्पावत। चम्पावत जिला पत्रकार संगठन ने जिला अस्पताल के कुछ चिकित्सकों पर पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि कवरेज के दौरान एक पत्रकार द्वारा अस्पताल में भर्ती मरीज के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इस दौरान जिला अस्पताल के कुछ चिकित्सकों ने एकजुट होकर पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पिछले कई सप्ताह से जिला चिकित्सालय चम्पावत की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इनमें अल्ट्रासाउंड सेवा प्रभावित होना, एमआरआई जांच तकनीशियन की कमी, विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव, स्थानांतरण के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर असर, मरीजों एवं तीमारदारों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा मूलभूत संसाधनों की कमी जैसे मुद्दे शामिल हैं। संगठन का कहना है कि मीडिया इन जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है।
पत्रकार संगठन ने आरोप लगाया कि इन जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए पत्रकारों पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और प्रेस की स्वतंत्रता पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
संगठन ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।
जिला पत्रकार संगठन ने स्पष्ट किया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनहित के मुद्दों को जनता और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा किया जाना नितांत आवश्यक है।
बताते चले चम्पावत में पत्रकारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ने लगा है। जिला पत्रकार संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि जनहित के मुद्दे उठाने वाले पत्रकारों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान यूनियन के जिला अध्यक्ष चंद्रबल्लभ ओली, महामंत्री गिरीश विष्ट, जया पुनेठा, सूरी पंत, दिनेश भट्ट, राजीव मुरारी, नंदू पाण्डेय, नवीन भट्ट सहित तमाम पत्रकार साथी मौजूद रहे।


